
डेहरी (रोहतास)- ‘समृद्धि यात्रा’ के अंतर्गत नीतिश कुमार ने रोहतास जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। इस अवसर पर जिले के औद्योगिक विकास और स्थानीय उद्यमिता से जुड़े विभिन्न नवाचारों और संभावनाओं को उनके समक्ष प्रस्तुत किया गया।
स्टॉल विजिट के दौरान स्थानीय उद्यमियों ने मुख्यमंत्री को उनके चित्र का आकर्षक फोटो फ्रेम तथा गौतम बुद्ध की एक सुंदर 3D मॉडल भेंट स्वरूप प्रदान की। मुख्यमंत्री ने इन रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए स्थानीय प्रतिभा एवं उद्यमशीलता की प्रशंसा की और इसे आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
इस दौरान डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड के स्टेट कॉरपोरेट अफेयर्स हेड (सीनियर जनरल मैनेजर) राजेश कुमार ने भी मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। उद्योग विभाग के स्टॉल में विशेष रूप से कंपनी द्वारा प्रस्तावित औद्योगिक विस्तार की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। एक अत्याधुनिक 3D मॉडल के माध्यम से भविष्य की योजनाओं और संभावित विकास का खाका दिखाया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने गहरी रुचि से देखा।
इस अवसर पर रोहतास प्रशासन ने जिले में औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार हेतु लगभग 1750 एकड़ नई भूमि की पहचान की जानकारी भी दी। जिला पदाधिकारी द्वारा इस प्रस्तावित भूमि का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त करते हुए इसे जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
यह स्टॉल जिला उद्योग केंद्र, रोहतास एवं डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड के के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया था, जिसमें स्थानीय उद्योगों, निवेश की संभावनाओं और रोजगार सृजन के अवसरों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
जिला उद्योग केंद्र, रोहतास के महाप्रबंधक आशीष रंजन ने बताया कि रोहतास जिला औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है। हाल ही में बिहार सरकार ने मेसर्स रोहतास सीमेंट (ए यूनिट ऑफ डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड बंजारी, रोहतास को बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नियमावली-2016 के तहत 1 मिलियन TPD से अतिरिक्त 0.5 मिलियन TPD विस्तार (कुल 1.5 मिलियन TPD) की क्षमता वाले सीमेंट निर्माण इकाई की स्थापना के लिए लगभग 107.32 करोड़ रुपये के निजी निवेश की स्वीकृति दी है।
इस इकाई की स्थापना से राज्य में पूंजी निवेश के साथ-साथ लगभग 594 कुशल एवं अकुशल कामगारों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जो जिले के आर्थिक विकास को नई गति देगा।
Post a Comment