खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाज l
संवदाता- मुकेश कुमार/तिलौथू/रोहता:
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत बुधवार को रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने तिलौथू प्रखंड क्षेत्र के हुरका बाल स्थित राज ऑर्गेनिक फार्म का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर जैविक खेती की विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया और किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
फार्म में किसान दिनेश कुमार द्वारा जैविक तरीके से विभिन्न प्रकार की फसलों और फलदार पौधों की खेती की जा रही है। यहां एप्पल बेर, स्ट्रॉबेरी, पीच, विभिन्न प्रकार की सब्जियों के साथ धान की खेती की जा रही है। अधिकारियों ने खेतों का भ्रमण कर फसलों की स्थिति, खेती की पद्धति और जैविक कृषि से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली।
DSR पद्धति से धान की खेती का किया अवलोकन
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने धान की सीधी बुआई (Direct Seeded Rice-DSR) पद्धति को भी देखा। इस पद्धति के माध्यम से धान की खेती में पारंपरिक रोपाई की तुलना में पानी, श्रम और समय की बचत की संभावनाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने किसान दिनेश कुमार द्वारा जैविक खेती और नई कृषि तकनीकों को अपनाने के प्रयास की सराहना की।
डीएम ने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ उच्च मूल्यवर्धित कृषि उत्पादों की खेती की ओर भी आगे बढ़ना चाहिए। इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ कृषि क्षेत्र में नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।
जैविक खेती का दायरा बढ़ाने पर जोर
अधिकारियों ने कहा कि बदलते समय में कम लागत और पर्यावरण के अनुकूल खेती को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। जैविक खेती से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पाद तैयार करने में मदद मिल सकती है। इस दौरान फार्म संचालक ने अधिकारियों को जैविक खेती में अपनाई जा रही तकनीकों और विभिन्न फसलों के उत्पादन की जानकारी भी दी।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने पौधारोपण भी किया। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
हुरका बाल से पंचायत सरकार भवन तक निकली तिरंगा यात्रा
फार्म निरीक्षण के बाद हुरका बाल से पंचायत सरकार भवन तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और अन्य लोग यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा में लोगों का उत्साह देखते ही बना।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया गया। यात्रा में पंचायत के मुखिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस पूरे कार्यक्रम में एक ओर जहां देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर जैविक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को किसानों और ग्रामीण विकास से जोड़ते हुए एक सकारात्मक संदेश दिया।

إرسال تعليق