खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/नोखा/रोहतास:
6 अगस्त 20026 l
रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने गुरुवार को पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (PNB RSETI), रोहतास का भ्रमण कर संस्थान में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने “जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर” प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त विजय कुमार पाण्डेय, अग्रणी जिला प्रबंधक अभय आनंद, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र आशीष रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी नोखा, अंचल अधिकारी नोखा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमाण-पत्र वितरण के बाद जिलाधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया और प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव, अर्जित कौशल, भविष्य की योजनाओं तथा स्वरोजगार स्थापित करने की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की सबसे बड़ी शक्ति है।
डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि “कौशल ही आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी शक्ति है। कौशल विकास आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल को केवल प्रमाण-पत्र तक सीमित न रखें, बल्कि उसका उपयोग स्वरोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से स्थायी आजीविका के साधन के रूप में करें।”
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवसाय की सफलता गुणवत्ता, अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और बेहतर ग्राहक सेवा पर निर्भर करती है। यदि युवा और महिलाएं अपने कौशल का सही उपयोग करें तो वे न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि PNB RSETI से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा एवं महिलाएं स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान बनाएंगे तथा जिले के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं उद्यमिता संबंधी योजनाओं तथा बैंकिंग सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान की आधारभूत संरचना, प्रशिक्षण कक्षों, प्रशिक्षण संसाधनों एवं विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों का भी अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में PNB RSETI द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को अपने अर्जित कौशल का व्यावहारिक उपयोग करते हुए स्वयं का उद्यम स्थापित करना चाहिए। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Post a Comment