⚡ ब्रेकिंग News

सासाराम- रोहतास की 45 पंचायतों में लगे 'सहयोग शिविर', डीएम ने हथिनी पंचायत से किया शुभारंभl


 12,318 आवेदन प्राप्त, 11,348 मामलों का हुआ निष्पादन; पात्र लाभुकों को राशन कार्ड, प्रमाण-पत्र एवं शौचालय प्रोत्साहन राशि वितरितl

खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/रोहतास:

 6 अगस्त 2026 l

मुख्यमंत्री बिहार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को रोहतास जिले की 45 पंचायतों में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया। नोखा प्रखंड के हथिनी पंचायत सरकार भवन में आयोजित मुख्य शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने की। इस दौरान उप विकास आयुक्त सहित जिले के कई वरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

शिविर में जिलाधिकारी ने पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड, विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र तथा शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि का वितरण किया। साथ ही कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लोगों को त्वरित राहत दिलाई गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आमजन का समय और धन दोनों की बचत हो रही है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर के आयोजन से पूर्व सभी पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर शिक्षा, जन्म प्रमाण-पत्र, नल-जल योजना, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, भूमि परिमार्जन, भूमि मापी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए थे। इन आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया गया।

जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों तथा ऑनलाइन माध्यम से अब तक 12,318 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 11,348 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों पर संबंधित विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई कर रहे हैं।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नागरिकों से ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी शिकायतें एवं आवेदन दर्ज कराने की अपील की, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) आशीष रंजन ने बताया कि जिले के 45 पंचायतों में सहयोग शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। इनमें नोखा प्रखंड के हथिनी एवं श्रीखंडा, रोहतास प्रखंड के बंजारी, काराकाट प्रखंड के बुढ़वल, बेनसागर, चिकसिल, बाराडीह, सिकरिया, धनहरा एवं देव, संझौली प्रखंड के संझौली एवं अमैठी, नासरीगंज प्रखंड के कैथी एवं पवनी, दिनारा प्रखंड के समहुती, बिसीकला, अरंग, सरांव, हरिवंशपुर, करहसी, बलिया एवं गुनसेज, नौहट्टा प्रखंड के भदारा एवं जयंतीपुर, तिलौथू प्रखंड के सेवही एवं केरपा, बिक्रमगंज प्रखंड के मोरौना एवं मानी, सासाराम प्रखंड के धौढ़ाढ़ एवं रामपुर, अकोढ़ीगोला प्रखंड के बांक, दावथ प्रखंड के सेमरी एवं उसरी, करगहर प्रखंड के रामपुर एवं अररुआ, चेनारी प्रखंड के डिडरिया एवं देवडीही, कोचस प्रखंड के गारा, कंजर एवं कुछिला, डेहरी प्रखंड के दरिहट एवं भलुआढ़ी तथा शिवसागर प्रखंड के कोनार, रायपुर एवं उल्हो पंचायत शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि सभी शिविरों में वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया। साथ ही पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड, विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र एवं शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया।

प्रशासन का कहना है कि पंचायत स्तर पर आयोजित इन सहयोग शिविरों के माध्यम से सरकारी सेवाओं की पहुंच ग्रामीण क्षेत्रों तक और अधिक प्रभावी हुई है। इससे आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलने के साथ-साथ प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...