⚡ ब्रेकिंग News

गुना गैंगरेप प्रयास मामला: 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार, 2 अब भी फरार; गहरे सदमे में इंजीनियर की मंगेतर, रातभर रोती रही पीड़िताl

खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाज l

विशेष संवदाता- गुना (मध्यप्रदेश)

2 अगस्त, 2026

मध्यप्रदेश के गुना जिले में इंजीनियर की मंगेतर के साथ सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में कुल सात आरोपी शामिल बताए गए हैं, जिनमें से दो अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

घटना के बाद पीड़िता गहरे मानसिक सदमे में है। अस्पताल में भर्ती युवती पूरी रात सिसकियां भरकर रोती रही। डॉक्टरों और पुलिस के अनुसार वह किसी से बात नहीं कर रही है और पुरुषों को देखते ही घबरा जाती है। उसका इलाज जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय युवती मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली है और वर्तमान में झारखंड में नौकरी करती है। वह अपने मंगेतर से मिलने गुना आई थी। उसका मंगेतर नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है।

गुरुवार शाम दोनों बाइक से हनुमान टेकरी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे एबी रोड पर गोदर क्षेत्र के पास पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने उन्हें यह कहकर रोका कि उनकी बाइक पंक्चर हो गई है। जैसे ही इंजीनियर ने बाइक रोकी, आरोपियों ने चाबी निकाल ली और दोनों को जबरन सड़क किनारे जंगल की ओर ले गए।

इसके बाद बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट की, लूटपाट की और युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास करते हुए बर्बरता की। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक-युवती को अस्पताल पहुंचाया।

24 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन

गुना की पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि इस जघन्य वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई थीं। जंगल क्षेत्र और संभावित ठिकानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया गया। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और विभिन्न सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

बबलू बंजारा (23 वर्ष), निवासी ग्राम बोरखेड़ा, थाना धरनावदा।

छोटू बंजारा (28 वर्ष), निवासी ग्राम खजरा, थाना राघौगढ़।

सरदार सिंह बंजारा (30 वर्ष), निवासी ग्राम विनायकी, थाना राघौगढ़।

महेंद्र बंजारा (20 वर्ष), निवासी ग्राम बोरखेड़ा, थाना धरनावदा।

दिनेश बंजारा (28 वर्ष), निवासी ग्राम बोरखेड़ा, थाना धरनावदा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिनेश बंजारा के खिलाफ वर्ष 2020 में भी सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज हो चुका है।

गहरे सदमे में पीड़िता

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक पीड़िता मानसिक रूप से बुरी तरह टूट चुकी है। वह किसी से बातचीत नहीं कर रही है और लगातार डरी-सहमी हुई है। चिकित्सकों की टीम उसकी शारीरिक जांच के साथ-साथ मानसिक स्थिति पर भी विशेष निगरानी रख रही है।

दो आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर

पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


 

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...