खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/रोहतास:
(सहयोग कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की समीक्षा, आवेदकों ने जिला प्रशासन के कार्य की की प्रशंसा)
बिहार सरकार के राज्य स्तरीय 'सहयोग' कार्यक्रम के तहत मंगलवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने रोहतास जिले से संबंधित दो महत्वपूर्ण परिवादों की समीक्षा की। इस दौरान दोनों आवेदकों ने बताया कि सहयोग पोर्टल पर दर्ज उनकी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और सफलतापूर्वक समाधान किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जा रहा है। दोनों मामलों के संतोषजनक निस्तारण पर मुख्यमंत्री ने भी प्रभावी कार्यप्रणाली की सराहना की।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ा था पहला मामला
समीक्षा के दौरान पहला परिवाद प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना से संबंधित था। आवेदक ने बताया कि पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की और उनकी समस्या का समाधान कर दिया। इससे उन्हें योजना का लाभ समय पर मिल सका।
अनुकम्पा अनुदान से जुड़ी शिकायत का भी हुआ समाधान
दूसरा मामला अनुकम्पा अनुदान से संबंधित था। आवेदक ने बताया कि सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के बाद संबंधित विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उनकी समस्या का शीघ्र समाधान किया। उन्होंने जिला प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
डीएम बोले— समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से हो रहा शिकायतों का निस्तारण
कार्यक्रम में रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र सहित जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि सहयोग पोर्टल के माध्यम से आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष जांच के बाद शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

Post a Comment