⚡ ब्रेकिंग News

सासाराम- रोहतास डीएम ने सुनीं 17 फरियादें, भूमि विवाद, नाली और जलजमाव के मामलों में त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देशl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 

रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/रोहतास:

रोहतास जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित दैनिक जनता साक्षात्कार के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान कुल 17 आवेदनों पर सुनवाई की गई। अधिकांश शिकायतें भूमि पर अवैध कब्जा, नाली निर्माण, जलजमाव, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित थीं।

जनता साक्षात्कार के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की स्थल जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भूमि विवाद और अतिक्रमण से संबंधित मामलों में डीएम ने अंचल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए विधि-सम्मत समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, नाली निर्माण एवं जलजमाव की शिकायतों पर नगर निकाय और संबंधित विभागों को तत्काल निरीक्षण कर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने को कहा।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक मामले की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समय पर समाधान होने से लोगों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत होता है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

जनता साक्षात्कार में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने आवेदकों से संबंधित जानकारी प्राप्त की और डीएम के निर्देशानुसार मामलों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिलाया।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित तिथि पर आयोजित जनता साक्षात्कार में आकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उनका निष्पादन पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...