(तीन विद्यालयों में पुलिस दीदी टीम एवं अभय ब्रिगेड ने चलाया जागरूकता अभियान, बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मरक्षा और कानूनी सहायता पर दी विस्तृत जानकारी)
तहलका आवाज आपकी आवाज
संवाददाता – मुकेश कुमार मिश्रा, नौहाट्टा (रोहतास)
नौहाट्टा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को कानून के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'ऑपरेशन विधि पालक युवक' के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तिउरा पंचायत स्थित श्रमिक उच्च विद्यालय पिपराडीह, तिलोखर पंचायत के उच्च विद्यालय तिलोखर तथा यदूनाथपुर पंचायत के उच्च विद्यालय यदूनाथपुर में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में चुटिया थाना अध्यक्ष रोहित कुमार, डेहरी महिला थाना के अपर थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार, एससी-एसटी थाना की एसआई पूनम कुमारी सहित पुलिस दीदी टीम एवं अभय ब्रिगेड के सदस्यों ने विद्यार्थियों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, साइबर अपराध, छेड़खानी, बाल अपराध, घरेलू हिंसा तथा विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यदि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, उत्पीड़न, साइबर ठगी, छेड़खानी अथवा अन्य समस्या का सामना करना पड़े तो बिना किसी डर या झिझक के तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि कानून प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए बनाया गया है और पुलिस हर परिस्थिति में लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहती है।
कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार का विरोध करने तथा आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों, कॉलेजों एवं कोचिंग संस्थानों में नियमित रूप से इस प्रकार के जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि बच्चों में कानून के प्रति विश्वास बढ़े और समाज में अपराधमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण हो सके।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती, निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के माध्यम से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही बच्चों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
विद्यालय परिवार ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान छात्रों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से उत्तर दिया गया।
इस अवसर पर श्रमिक उच्च विद्यालय पिपराडीह के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, शिक्षक आबिद कामरान, दीपक कुमार, मंटू कुमार तथा उच्च विद्यालय तिलोखर के प्रधानाध्यापक लक्ष्मण गौड़, शिक्षक विशाल कुमार, शशि कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Post a Comment