⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा की चार पंचायतों में जनसहयोग एवं कल्याण शिविर: सड़क, पेयजल और पेंशन की समस्याओं को लेकर उमड़ी ग्रामीणों की भीड़l


खबर: तहलका आवाज आपकी आवाज l

प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/न्याय/रोहतास:

(उल्ली बनाही, तिउरा, पीपरडीह और शाहपुर पंचायतों में लगे शिविर, विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन जमा; कई मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन)

नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र की उल्ली बनाही, तिउरा, पीपरडीह एवं शाहपुर पंचायतों में मंगलवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर जनसहयोग एवं कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने, आवेदन जमा करने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। दिनभर चले शिविर में लोगों ने अपनी स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ विकास कार्यों की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखी।

उल्ली बनाही पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से मुख्य सड़क से विद्यालय एवं महर्षि विश्वामित्र आश्रम तक पक्की सड़क निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क नहीं होने के कारण विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा दाखिल-खारिज, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड एवं अन्य योजनाओं से संबंधित कई आवेदन भी अधिकारियों को सौंपे गए।

वहीं तिउरा पंचायत भवन में दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया गया। पंचायत की मुखिया नासरीन जहां एवं बीपीआरओ ममता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। शिविर में सबसे प्रमुख मुद्दा वार्ड संख्या 1, 2, 3, 4 एवं 9 में गहराए पेयजल संकट का रहा। ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से लोगों को पेयजल की भारी समस्या झेलनी पड़ रही है। उन्होंने अधिकारियों से शीघ्र समाधान की मांग करते हुए खराब जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराने का अनुरोध किया।

शिविर में आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजना सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, आवेदन स्वीकार किए तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन भी किया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोरमा कुमारी ने बताया कि सभी पंचायतों में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन का विवरण संकलित किया जा रहा है। चारों पंचायतों से प्राप्त आंकड़ों को एकत्रित कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे जिला प्रशासन को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही किया जाए ताकि उन्हें कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

शिविर में बीस सूत्री अध्यक्ष दीपक चौबे, अंचलाधिकारी हिंदुजा भारती, बीपीआरओ ममता कुमारी, बीईओ ब्रजेश कुमार, एलईओ सर्वेश कुमार पांडेय, एमओ प्रियेश कुमार सिंह, डॉ. मुकेश कुमार, तेतरी देवी, मुखिया नासरीन जहां, सनोज राय, मुराद अख्तर, गुड्डू सिंह, हरिशंकर मिश्रा, लल्लू सिंह, प्रमोद चंद्रवंशी, श्याम सुंदर पासवान, मुमताज अंसारी, सुनील राम, अरविंद त्रिपाठी, श्रवण कुमार, चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...