खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/रोहतास:
रोहतास जिले में ग्रामीण सड़कों की स्थिति को बेहतर बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से गुरुवार, 02 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंताओं के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न ग्रामीण सड़कों की वर्तमान स्थिति, मरम्मत कार्य, रखरखाव तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र की सड़कों का नियमित रूप से निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान जहां भी सड़क पर छोटे या बड़े गड्ढे अथवा अन्य प्रकार की क्षति दिखाई दे, वहां प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कार्य कराकर सड़क को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क व्यवस्था लोगों की सुविधा के साथ-साथ विकास की गति को भी तेज करती है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में कार्यपालक अभियंता द्वारा जानकारी दी गई कि बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र में चिन्हित स्थानों पर शीघ्र ही भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण के लिए हाई-रिस्ट्रिक्शन बैरियर लगाए जाएंगे। इन बैरियरों के लगने से क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक लगेगी, जिससे ग्रामीण सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और सड़कें लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बनी रहेंगी।
जिलाधिकारी ने सभी अभियंताओं को यह भी निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रमंडल के अंतर्गत ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा अनुरक्षित सभी सड़कों की अद्यतन सूची जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं। इस सूची के आधार पर प्रत्येक सड़क की वर्तमान स्थिति का आकलन किया जाएगा तथा आवश्यक मरम्मत, नवीनीकरण एवं विकास कार्यों की प्राथमिकता तय कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सड़क मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन की सतत समीक्षा की जा सके और कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
तहलका आवाज | आपकी आवाज

Post a Comment