खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
(दस माह से अधूरा पड़ा सड़क निर्माण, शिव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी से गुजरने की मजबूरी; ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग)
नौहट्टा प्रखंड की दारानगर पंचायत अंतर्गत बेलौजा गांव में अधूरी सड़क निर्माण लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। लगातार दो दिनों से हुई बारिश के बाद शिव मंदिर के समीप सड़क पर भारी जलजमाव हो गया है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश और नाली का पानी कई घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों में निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब दस माह पूर्व बेलौजा गांव में सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया था। संवेदक ने आधी सड़क की ढलाई कर कार्य बीच में ही छोड़ दिया। इसके बाद से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद पड़ा है। अधूरी सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा होकर आसपास के घरों में प्रवेश कर रहा है।
जलजमाव की वजह से स्थानीय निवासी जाहिर आलम, तेतर खान एवं गयासुद्दीन खान के मिट्टी के मकानों पर खतरा मंडराने लगा है। लगातार पानी जमा रहने से मकानों की दीवारें कमजोर पड़ रही हैं और ग्रामीणों को किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका सता रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव स्थित शिव मंदिर तक जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है बल्कि संक्रमण फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी जाहिर आलम ने बताया कि बरसात का मौसम शुरू होने के बावजूद संवेदक निर्माण कार्य पूरा करने नहीं पहुंचा। यदि समय रहते सड़क पूरी कर दी जाती और जलनिकासी की व्यवस्था कर दी जाती, तो आज गांव के लोगों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
समाजसेवी एवं पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि रणधीर कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण की निर्धारित समय-सीमा काफी पहले समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद संवेदक द्वारा कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक किया गया निर्माण भी गुणवत्ता के मानकों पर खरा नहीं उतरता, जबकि संवेदक इस महत्वपूर्ण सड़क को अधूरा छोड़कर अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य करा रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर दोषी संवेदक पर कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब हस्तक्षेप कर अधूरी सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराने, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने तथा जलजमाव से प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

إرسال تعليق