(तिलोखर, तिउरा और तियरा खुर्द पंचायतों में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों की समीक्षा, नई योजनाओं पर हुई चर्चा)
खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाज l
संवाददाता : मुकेश कुमार मिश्रा | नौहट्टा (रोहतास)
नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से पंचायतों के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सुशासन को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
तिलोखर पंचायत में कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया सविता देवी, तिउरा पंचायत में मुखिया नसरीन जहां तथा तियरा खुर्द पंचायत में मुखिया अरुण चौबे ने की। कार्यक्रम में पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा आने वाले समय में कराए जाने वाले नए विकास कार्यों के लिए विभिन्न योजनाओं का चयन किया गया।
तिलोखर पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोरमा कुमारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासनयुक्त एवं आत्मनिर्भर पंचायत का निर्माण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पंचायतों के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
बीडीओ ने कहा कि सरकार द्वारा पंचायतों के विकास के लिए उपलब्ध कराई जा रही राशि का शत-प्रतिशत उपयोग पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नल-जल योजना, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, नाली तथा अन्य जनोपयोगी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान तीनों पंचायतों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विकास योजनाओं के प्रस्ताव लिए गए। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित योजनाओं के स्वीकृत होने के बाद नियमानुसार कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। साथ ही पंचायतों में विकास कार्यों की नियमित निगरानी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
ग्रामीणों ने भी पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न सुझाव रखे तथा बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने की मांग की। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर एमएलसी प्रतिनिधि भानु मिश्रा, मुराद अख्तर, मुमताज अंसारी सहित पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment