संवाददाता : मुकेश कुमार मिश्रा : नौहट्टा (रोहतास)
नौहट्टा प्रखंड के चुटिया से खुखमा घाटी होते हुए पहाड़ी क्षेत्र को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क के निर्माण की मांग अब बिहार विधानसभा तक पहुंच गई है। स्थानीय विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान इस महत्वपूर्ण सड़क को वन पथ योजना में शामिल कर शीघ्र निर्माण कराने की मांग उठाई।
विधायक ने सदन में कहा कि यह सड़क नौहट्टा के पहाड़ी एवं वन क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा साबित होगी। सड़क बनने से चुटिया से सलमा, अधौरा तथा उत्तर प्रदेश की सीमा तक आवागमन आसान होगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार एवं पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह सड़क वर्षों से उपेक्षा का शिकार रही है। अंग्रेजी शासनकाल में इस मार्ग पर वाहनों का नियमित परिचालन होता था, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं होने से सड़क जर्जर होती चली गई। वर्तमान में स्थिति यह है कि वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद है और ग्रामीणों को दुर्गम पहाड़ी रास्तों से पैदल आवागमन करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों को स्कूल-कॉलेज भेजने तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि रास्ता फिसलनयुक्त और जोखिम भरा हो जाता है।
विधानसभा में सड़क निर्माण का मुद्दा उठने की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्माण कार्य शुरू करेगी। उनका कहना है कि सड़क बनने से नौहट्टा के पहाड़ी क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
विधायक द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने पर भाजपा नेता राजेश्वर प्रसाद, बबलू पाठक, अरुण चौबे सहित कई सामाजिक एवं स्थानीय लोगों ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने सरकार से इस महत्वपूर्ण सड़क को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
फोटो कैप्शन
चुटिया से खुखमा घाटी होते हुए पहाड़ी क्षेत्र को जोड़ने वाली जर्जर सड़क, जिसका निर्माण कराने की मांग बिहार विधानसभा में उठाई गई।

Post a Comment