खबर:तहलका आवाज आपकी आवाज
प्रखंड संवाददाता: मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा प्रखंड के तिउरा पंचायत अंतर्गत चुटिया गांव में लाहबर माई मंदिर के समीप कातुदाढ़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर लगा बिजली का ट्रांसफार्मर इन दिनों गंभीर खतरे का कारण बना हुआ है। ट्रांसफार्मर जिस बिजली पोल पर स्थापित है, वह काफी झुक चुका है। लगातार हो रही बारिश के कारण आसपास की जमीन भी कमजोर हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर का झुकाव लगातार बढ़ता जा रहा है। यदि समय रहते बिजली विभाग ने इसकी मरम्मत या पोल को बदलने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की, तो बरसात के दौरान यह कभी भी सड़क पर गिर सकता है। इससे न केवल बिजली आपूर्ति बाधित होगी, बल्कि राहगीरों की जान-माल को भी गंभीर खतरा हो सकता है।
यह मार्ग चुटिया गांव से कातुदाढ़ जाने का मुख्य रास्ता है। इसी रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, स्कूली बच्चे और लाहबर माई मंदिर में पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालु गुजरते हैं। ऐसे में झुका हुआ ट्रांसफार्मर हर समय दुर्घटना का भय पैदा कर रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पोल के आसपास पानी जमा हो रहा है, जिससे उसकी नींव कमजोर होती जा रही है। यदि पोल अचानक गिर गया, तो बिजली के तार सड़क पर फैल सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। इसके बावजूद अब तक कोई तकनीकी टीम मौके पर नहीं पहुंची है और न ही समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल की गई है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए झुके हुए पोल और ट्रांसफार्मर का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा आवश्यक मरम्मत या स्थानांतरण की कार्रवाई की जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले ही खतरे को टाला जा सके। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से भी इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

Post a Comment