⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- पंडुका की मुख्य गली में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने की जल निकासी की मांग


तहलका आवाज | आपकी आवाज

नौहट्टा (रोहतास)

(तिलोखर पंचायत के पंडुका गांव में जलजमाव से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित/

नौहट्टा प्रखंड की तिलोखर पंचायत अंतर्गत पंडुका गांव में मंगलवारी बाजार से कृपा शंकर चौबे के घर तक जाने वाली मुख्य गली इन दिनों जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रही है। कई दिनों से सड़क पर पानी जमा रहने के कारण ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। पैदल चलना तक कठिन हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी भर जाता है। गली में कीचड़ और गंदे पानी के कारण लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है, जिन्हें इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है।

ग्रामीण कामेश्वर शर्मा ने बताया कि जलजमाव के कारण लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है जब यहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए।

वहीं रंधा चौबे ने कहा कि बरसात शुरू होते ही यह सड़क तालाब का रूप ले लेती है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है।

ग्रामीण गोपाल साह और रामनाथ चंद्रवंशी ने बताया कि अभी बारिश की शुरुआत ही हुई है, लेकिन स्थिति इतनी खराब है। यदि लगातार वर्षा हुई तो समस्या और भी गंभीर हो जाएगी। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कर सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...