खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा थाना क्षेत्र में चोरी की एक कोशिश को ग्रामीणों की सतर्कता ने विफल कर दिया। उल्ली बनाही पैक्स गोदाम के समीप खड़े एक रोटावेटर से पार्ट्स खोलकर चोरी करने का प्रयास कर रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को नौहट्टा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम उल्ली बनाही पैक्स गोदाम के पास किसान लाल बहादुर सिंह का रोटावेटर खड़ा था। इसी दौरान सियरूआ नावाडीह गांव निवासी आदित्य कुमार और अभय कुमार कथित रूप से रोटावेटर के पार्ट्स खोल रहे थे। आसपास मौजूद ग्रामीणों की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
ग्रामीणों ने तुरंत रोटावेटर के मालिक लाल बहादुर सिंह को सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद लाल बहादुर सिंह की लिखित शिकायत पर नौहट्टा थाना में दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
नौहट्टा के थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीणों की सतर्कता के कारण चोरी की घटना समय रहते विफल हो गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Post a Comment