⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा की दो पंचायतों में जनसहयोग एवं कल्याण शिविर आयोजित, 58 आवेदन प्राप्त; मौके पर कई मामलों का हुआ निष्पादनl

(तियरा खुर्द में पंचायत सरकार भवन तक पहुंच पथ निर्माण की उठी मांग, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र वितरित, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी)

खबर: Tahalka Aawaz | आपकी आवाज

संवाददाता – मुकेश कुमार मिश्रा, नौहट्टा (रोहतास)

नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र की तियरा खुर्द एवं दारानगर पंचायतों में मंगलवार को जनसहयोग एवं कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, आवेदन जमा करने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन दिए, जबकि कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लाभार्थियों को राहत प्रदान की गई।

तियरा खुर्द पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान मुखिया अरुण कुमार चौबे ने पंचायत सरकार भवन तक पहुंचने के लिए मुख्य सड़क से संपर्क पथ निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन तक जाने के लिए समुचित सड़क नहीं होने से ग्रामीणों एवं कार्यालय आने वाले लोगों को परेशानी होती है। सड़क बनने से पंचायत सरकार भवन सीधे मुख्य मार्ग से जुड़ जाएगा और आम लोगों को सुविधा मिलेगी।

शिविर में आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजना सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की।

इसके अलावा दाखिल-खारिज, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन भी लिए गए। तियरा खुर्द पंचायत में कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं 10 जन्म प्रमाण पत्र एवं 5 मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत कर लाभुकों के बीच वितरित किए गए।

दारानगर पंचायत में आयोजित शिविर में 16 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। हालांकि शिविर के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने सूचना समय पर नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि शिविर के आयोजन की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को नहीं दी गई थी, जिससे व्यापक स्तर पर लोगों तक सूचना नहीं पहुंच सकी।

इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोरमा कुमारी ने स्पष्ट किया कि शिविर के आयोजन को लेकर करीब तीन माह पूर्व ही सभी पंचायतों के मुखिया को पत्र भेजकर सूचना उपलब्ध करा दी गई थी। उन्होंने बताया कि दोनों पंचायतों में प्राप्त सभी आवेदनों एवं उनके निष्पादन का संकलन किया गया है और शेष मामलों का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।

शिविर के समापन पर तियरा खुर्द पंचायत के मुखिया अरुण कुमार चौबे ने शिविर में पहुंचे अतिथियों एवं अधिकारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। ग्रामीणों ने भी इस तरह के शिविरों को जनहित में उपयोगी बताते हुए नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...