⚡ ब्रेकिंग News

आगरा में सनसनी: पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, प्लास्टर और टाइल्स लगवाकर 45 दिन तक छिपाया राजl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

विशेष संवादाता- भरतपुर/आगरा:

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इतना ही नहीं, हत्या के सबूत मिटाने के लिए बाथरूम की फर्श पर प्लास्टर करवाकर नई टाइल्स भी लगवा दीं, ताकि किसी को घटना की भनक तक न लगे। करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक करने के बाद आखिरकार आरोपी पत्नी ने खुद ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के रंजीत नगर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में अपनी पत्नी रूबी, दो बेटियों और मां के साथ रहते थे। सुरेंद्र की शादी वर्ष 2010 में इटावा निवासी रूबी से हुई थी।

बताया गया कि 18 मई से सुरेंद्र अचानक लापता थे। इसके बाद 26 मई को पत्नी रूबी ने थाने में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई और परिजनों व पड़ोसियों को लगातार यही बताती रही कि सुरेंद्र कहीं चले गए हैं और जल्द लौट आएंगे।

हालांकि, सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा को शुरू से ही पूरे मामले पर संदेह था। उनका कहना है कि 18 मई को रूबी का फोन आया था कि पुलिस घर पर दबिश दे रही है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं। अनिल उन्हें अपने घर ले आए। बाद में रूबी भी वहां पहुंची और कहा कि सुरेंद्र चार-पांच दिनों में वापस आ जाएंगे। लेकिन समय बीतता गया और सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला।

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सहित कई पहलुओं की जांच की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसी बीच शुक्रवार सुबह मामले ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया। रूबी ने स्वयं अनिल शर्मा को घर बुलाया और कथित रूप से बताया कि उसने सुरेंद्र की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाथरूम की फर्श तोड़कर खुदाई कराई गई, जहां नीचे दबा हुआ सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाया गया। इसके बाद मिट्टी डालकर प्लास्टर कराया गया और ऊपर नई टाइल्स लगवा दी गईं, ताकि किसी को शक न हो। पूछताछ में रूबी ने बताया कि उसने करीब डेढ़ महीने पहले मिस्त्री और मजदूर बुलाकर बाथरूम की मरम्मत करवाई थी।

पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी वारदात को अकेले अंजाम देना आसान नहीं था। इसलिए यह भी जांच की जा रही है कि हत्या और शव को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं।

परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र कोई नियमित काम नहीं करते थे और उन्हें शराब पीने की लत थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस घरेलू कलह, आर्थिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी रूबी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, बरामद कंकाल को पोस्टमार्टम और अन्य फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...