खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाज:
प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के एक गांव से 19 वर्षीय युवती के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना 14 जून की बताई जा रही है। इस संबंध में युवती की मां ने नौहट्टा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए एक युवक पर शादी की नीयत से बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामला दर्ज कर युवती की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती की मां ने थाना में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया है कि जयंतीपुर गांव निवासी सुजीत राम उनकी 19 वर्षीय पुत्री को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस की शरण ली।
परिजनों का कहना है कि युवती के अचानक लापता होने से परिवार के लोग काफी परेशान हैं। उन्हें आशंका है कि आरोपी ने पूर्व नियोजित तरीके से युवती का अपहरण किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में एसआई अमित कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। युवती की बरामदगी और नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच और युवती के बरामद होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश अभियान चला रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

إرسال تعليق