छापेमारी के दौरान पिकअप वाहन रोकने को लेकर विवाद, दो लोगों को हिरासत में लेने की सूचना; वन विभाग ने कहा– आग लगने के मामले की होगी जांचl
खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत यदुनाथपुर पंचायत के बेल्दूरिया गांव में मंगलवार को अवैध रूप से संचालित केंदू पत्ता फड़ी में आग लगने से भारी मात्रा में केंदू पत्ता जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान वन विभाग की विशेष टीम और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक तथा गाली-गलौज होने की भी सूचना है।
जानकारी के अनुसार, अवैध केंदू पत्ता कारोबार की सूचना मिलने पर वन विभाग की विशेष टीम छापेमारी के लिए यदुनाथपुर पहुंची थी। इसी दौरान केंदू पत्ता से लदी एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था और वन विभाग की टीम ने पोखरिया घाट के पास वाहन को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की।
ग्रामीणों का कहना है कि टीम के सदस्य सादे कपड़ों में थे और उन्होंने अपना पहचान पत्र नहीं दिखाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिसका फायदा उठाकर केंदू पत्ता से लदा वाहन मौके से निकल गया।
बताया जाता है कि इसके बाद पीछे से आ रहे एक बाइक पर सवार दो युवकों को वन विभाग की टीम अपने साथ ले गई। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों युवक किसी अवैध कारोबार से जुड़े नहीं थे, बल्कि रिश्तेदारी में उत्तर प्रदेश जा रहे थे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई से लौटते समय वन विभाग के एक कर्मी ने जिला परिषद सड़क किनारे रखे करीब एक ट्रक केंदू पत्ता में आग लगा दी, जिससे पूरा केंदू पत्ता जलकर राख हो गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और वन विभाग की कार्रवाई का विरोध किया।
हालांकि, वन विभाग ने आग लगाने के आरोप की पुष्टि नहीं की है। रोहतास रेंज के रेंजर शशीभूषण चौहान ने बताया कि विशेष टीम अवैध केंदू पत्ता कारोबार के खिलाफ छापेमारी के लिए गई थी। उन्होंने कहा कि दो लोगों की गिरफ्तारी की सूचना मिली है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। आग लगने की घटना की भी जांच कराई जाएगी।
फिलहाल, आग लगने के कारणों और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment