खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा नौहट्टा/
रोहतास:
रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र से एक 41 वर्षीय महिला के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। इस संबंध में महिला के 18 वर्षीय पुत्र ने नौहट्टा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए एक व्यक्ति पर उसकी मां का ब्रेनवॉश कर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उसकी मां करीब दस दिन पहले घर से अचानक चली गई थी। काफी खोजबीन और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उसे संदेह हुआ कि गांव के सुमंत कहार ने उसकी मां को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
आवेदन में युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि उसकी मां के पास करीब डेढ़ लाख रुपये नकद थे, जबकि उनके बैंक खाते में लगभग 20 हजार रुपये जमा हैं। युवक ने आशंका जताई है कि आरोपी ने उसकी मां का मानसिक रूप से प्रभावित (ब्रेनवॉश) कर उसे अपने साथ ले जाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाने की भी साजिश रची है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नौहट्टा थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला की बरामदगी के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जानने में जुटी हुई है।
इस संबंध में एसआई अमित कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस महिला की तलाश में संभावित स्थानों पर छापेमारी एवं अन्य आवश्यक जांच-पड़ताल कर रही है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment