⚡ ब्रेकिंग News

रोहतास- भीषण गर्मी को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, लू से बचाव के लिए जारी की एडवाइजरीl


 खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

मनीष कुमार/सासाराम/रोहतास:

10 जून 2026

रोहतास जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला प्रशासन, रोहतास ने आमजनों से अपील की है कि वे गर्म हवाओं एवं लू (हीट वेव) के प्रभाव से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि अत्यधिक गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।

प्रशासन ने कहा है कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा पहले से बीमार व्यक्तियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। इन वर्गों के लोगों पर गर्मी और लू का प्रभाव अधिक पड़ता है, इसलिए उन्हें अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए।

जिला प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। हल्के रंग के, ढीले-ढाले तथा सूती कपड़े पहनें। भोजन में हल्का एवं पौष्टिक आहार शामिल करें तथा तरबूज, खरबूजा जैसे पानी युक्त फलों का अधिक सेवन करें। इसके साथ ही सत्तू, पुदीना, सौंफ एवं खस जैसे पारंपरिक खाद्य पदार्थों को भी दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी गई है, जो शरीर को ठंडा रखने में सहायक होते हैं।

प्रशासन ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी महसूस होना, सिरदर्द होना या तबीयत खराब लगना जैसी समस्याएं हों तो तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें। लू लगने के प्रमुख लक्षणों में चक्कर आना, घबराहट होना, दिल की धड़कन तेज होना, अत्यधिक पसीना आना, सिरदर्द, बेहोशी, तेज बुखार, शरीर की त्वचा का अत्यधिक गर्म हो जाना तथा जी मिचलाना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें। घर एवं कार्यस्थल को यथासंभव ठंडा रखने का प्रयास करें तथा बाहर निकलते समय अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें।

प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में लोग सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 101 एवं 112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा समाहरणालय रोहतास में स्थापित कंट्रोल रूम के नंबर 06184-226072 एवं 06184-226093 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सुरक्षित रहें, दूसरों को भी जागरूक करें तथा गर्मी और लू से बचाव संबंधी सभी आवश्यक सावधानियों का पालन करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...