⚡ ब्रेकिंग News

सासाराम- काजीपुरा में युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी; पुरानी रंजिश के एंगल पर पुलिस की नजरl


 खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

हरिनाथ चौधरी/सासाराम/रोहतास:

03 जून 2026, नगर थाना क्षेत्र के काजीपुरा मुहल्ले में बुधवार की देर रात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान काजीपुरा निवासी अभिषेक गोस्वामी उर्फ लुलू के रूप में की गई है। घटना काजीपुरा स्थित शिव मंदिर के निकट हुई, जहां बदमाशों ने युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात अचानक गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग सहम गए। जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो अभिषेक गोस्वामी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुरानी रंजिश का भी हो सकता है मामला

स्थानीय लोगों के अनुसार काजीपुरा मुहल्ला पहले भी आपराधिक घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। बताया जाता है कि इसी मुहल्ले के कुख्यात अपराधी शिबू पटेल के एक सहयोगी की लगभग छह वर्ष पूर्व हत्या हुई थी। ऐसे में पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश और आपसी दुश्मनी से जोड़कर भी जांच कर रही है। हालांकि अभी तक हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

इलाके में बढ़ी दहशत

दिनदहाड़े और रात के समय लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल व्याप्त है। हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस कर रही कई बिंदुओं पर जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ आपराधिक इतिहास और पुरानी दुश्मनी के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घटना के बाद काजीपुरा और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...