⚡ ब्रेकिंग News

सासाराम में राजद का राज्यव्यापी धरना, डबल इंजन सरकार पर जमकर बोला हमलाl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

विशेष संवादाता-सासाराम/रोहतास:

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यव्यापी आंदोलन के तहत बुधवार को रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। भव्य पंडाल में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान राजद नेताओं ने केंद्र और बिहार सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए महंगाई, बेरोजगारी, अपराध, किसानों की समस्याओं और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामचंद्र ठाकुर ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव राजीव रंजन एवं राजू यादव ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य अशोक पांडेय, जिला प्रभारी भीम सिंह यादव, राजद प्रत्याशी शंकर कुशवाहा, सतेंद्र शाह, डॉ. प्रो. सरोज गुप्ता, राज्य परिषद सदस्य सरबजीत सिंह खालसा, युवा अध्यक्ष सीवंत कुशवाहा, छात्र अध्यक्ष सत्यजीत यादव, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सीमा यादव सहित किसान प्रकोष्ठ, व्यवसायी प्रकोष्ठ, मजदूर किसान प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ एवं जिला इकाई के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

धरने को संबोधित करते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और बिहार की डबल इंजन सरकार जनविरोधी नीतियों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से छात्र, किसान, मजदूर, अल्पसंख्यक, व्यापारी और आम जनता सभी प्रभावित हैं। वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है, जबकि बेरोजगारी और पलायन की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।

राजद नेताओं ने कहा कि किसानों को समय पर खाद और अन्य कृषि संसाधन उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं राज्य में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए गए। नेताओं ने दावा किया कि आम जनता खुद को असुरक्षित और उपेक्षित महसूस कर रही है।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय की जिस व्यवस्था को राष्ट्रीय जनता दल और लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में स्थापित किया गया था, उसे वर्तमान सरकार कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज समाज के कमजोर, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों पर लगातार हमला हो रहा है, जिसके खिलाफ राजद सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल हमेशा जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है और आगे भी अन्याय, अत्याचार तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।

धरना-प्रदर्शन के समापन पर पार्टी नेताओं ने बिहार की वर्तमान स्थिति, जनता की विभिन्न समस्याओं एवं अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन महामहिम राज्यपाल के नाम जिला समाहर्ता के माध्यम से सौंपा।

राजद नेताओं ने कहा कि यदि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है, तो पार्टी आने वाले दिनों में राज्यभर में आंदोलन को और तेज करेगी। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...