खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/सासाराम/ रोहतास:
रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र मंगलवार को अचानक सदर अस्पताल पहुंचे और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम का अलग ही मानवीय और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से भोजपुरी में मुस्कुराते हुए पूछा, "का हाल बा?" जिससे मरीज भी सहज हो गए और खुलकर अपनी समस्याएं तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी साझा की।
जिलाधिकारी ने मरीजों से इलाज की गुणवत्ता, समय पर दवा मिलने, डॉक्टरों की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और अस्पताल में मिलने वाली अन्य आवश्यक सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर यह भी जाना कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, वार्डों की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, दवा वितरण काउंटर तथा अन्य चिकित्सा सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन से कहा कि अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र मरीज तक समय पर पहुंचे।
डीएम के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में पूरे समय हलचल बनी रही। अधिकारियों ने उन्हें अस्पताल की व्यवस्थाओं और चल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले के सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
— तहलका आवाज | आपकी आवाज

Post a Comment