खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
पंचायत रिपोर्ट/शैलेन्द्र सिंह/यदुनाथपुर/रोहतास:
यदुनाथपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर यदुनाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वहीं, मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब आरोपित पक्ष की ओर से भी अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह चार दिन पहले अपने ससुराल से मायके आई थी। आरोप है कि 21 जून को घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान गांव निवासी लवकुश यादव उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म किया।
महिला का कहना है कि घटना के दौरान उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण और गांव के कुछ युवक मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपित युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया।
दूसरी ओर, आरोपित युवक के पिता ने भी यदुनाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अपने आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि महिला ने उनके पुत्र को फोन कर अपने घर बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद गांव के करीब दस लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज चल रहा है।
मामले को लेकर पुलिस दोनों पक्षों के दावों और आरोपों की जांच कर रही है। यदुनाथपुर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि पीड़िता को बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय भेजा जा रहा है। न्यायालय में दर्ज बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है तथा जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराए गए मामलों की पड़ताल जारी है।

Post a Comment