खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/आरा/बिलौटी:
भोजपुर जिले के बिलौटी गांव स्थित वीर सपूत स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी के पैतृक आवास पर आयोजित विशाल महापंचायत में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। न्याय की मांग को लेकर आयोजित इस महापंचायत में बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और एक स्वर में स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा देने की मांग की।
महापंचायत से पूर्व रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड से लाल बंदे तिवारी, बलराम सिंह, आनंद प्रकाश गुप्ता तथा विशाल सिंह बिलौटी गांव पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी के पिता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने शोक संतप्त परिवार को न्याय की इस लड़ाई में हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
इसके बाद सभी लोग ग्रामीणों द्वारा आयोजित महापंचायत में शामिल हुए। महापंचायत में हजारों लोगों की मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया कि भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग अब जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि जब तक दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक न्याय की यह लड़ाई जारी रहेगी।
महापंचायत को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की। उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी समाज के एक सम्मानित और साहसी व्यक्ति थे तथा उनकी हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जन सुराज के संस्थापक एवं राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर, गौ सेवा रक्षक दक्ष चौधरी, गोपालगंज के विधायक, सर्वेश पांडेय, आदित्य राज सिंह सहित अनेक सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
महापंचायत के दौरान लोगों ने न्याय के समर्थन में नारे लगाए और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जहां हजारों लोगों ने स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
महापंचायत में उमड़ी भारी भीड़ और विभिन्न राज्यों से पहुंचे लोगों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने के लिए समाज का हर वर्ग एकजुट है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होने तक यह आवाज लगातार बुलंद होती रहेगी।

Post a Comment