खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा थाना क्षेत्र के बनाही गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को बनाही गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही नौहट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू की।
जांच के क्रम में पुलिस ने मामले के आरोपी आलोक कुमार सिंह एवं राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
नौहट्टा थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बनाही गांव में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।
पुलिस ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment