⚡ ब्रेकिंग News

गाजियाबाद में सनसनी: शादी का रिश्ता टूटने से बौखलाए युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तारl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

विशेष संवादाता- गाजियाबाद/उत्तर प्रदेश:

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां शादी का रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी टूटने का बदला लेने पहुंचा आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान जॉनी के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के पुराना बस अड्डा स्थित बारादरी इलाके का रहने वाला है और रैपिडो बाइक टैक्सी चलाता है। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसका रिश्ता आदर्श नगर निवासी 20 वर्षीय खुशी से तय हुआ था। लेकिन कुछ समय बाद युवक के चाल-चलन को देखते हुए लड़की के परिवार ने शादी का रिश्ता तोड़ दिया था। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच कोई संपर्क नहीं रहा।

बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज जॉनी ने बदला लेने की योजना बनाई और मंगलवार शाम वारदात को अंजाम दे दिया।

पड़ोसी के घर से पहुंचा छत पर, खिड़की तोड़कर की फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार शाम आरोपी पड़ोसी के मकान के रास्ते खुशी के घर की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया। जॉनी को देखकर खुशी और उसकी छोटी बहन निधि ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद आरोपी ने खिड़की का शीशा तोड़ा और तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

खुशी को चार और निधि के चेहरे पर लगी गोली

फायरिंग में खुशी को चार गोलियां लगीं। इनमें तीन गोलियां उसके पैर में और एक पेट में लगी है। वहीं उसकी छोटी बहन निधि के चेहरे पर एक गोली लगी। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में दोनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना से इलाके में फैली दहशत

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आदर्श नगर और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल बहनों को अस्पताल भिजवाया।

आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला जुर्म

घटना के कुछ ही समय बाद पुलिस ने आरोपी जॉनी को गिरफ्तार कर लिया। सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि शादी का रिश्ता टूटने से वह नाराज था और उसी गुस्से में उसने यह हमला किया।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...