खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास
(घात लगाकर हमला करने का आरोप, घायल को रेफरल अस्पताल में कराया गया भर्ती; पुलिस ने शुरू की जांच।)
कैमूर पहाड़ी क्षेत्र के रेहल गांव में बुधवार सुबह दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसके बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर नौहट्टा थाना में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेहल गांव निवासी विजय यादव ने नौहट्टा थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि गांव के उमेश यादव, जितेंद्र यादव समेत कुल आठ लोग पहले से घात लगाकर बैठे हुए थे। आरोप है कि बुधवार की सुबह जैसे ही वह अपने घर से बाहर निकले, सभी आरोपितों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद किसी तरह घायल को आरोपितों के चंगुल से छुड़ाया गया। पुलिस के निर्देश पर घायल को इलाज के लिए नौहट्टा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना पहुंचकर आरोपितों के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, पूर्व विवाद और दोनों पक्षों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
नौहट्टा थाना के एसआई अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

إرسال تعليق