⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- तीन महीने से सड़क पर बह रहा नल-जल का पानी, ग्रामीणों में आक्रोश; पीएचडी विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांगl


खबर;Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:

नौहट्टा प्रखंड की उल्लीबनाही पंचायत अंतर्गत बलभद्रपुर गांव में नल-जल योजना की बदहाल स्थिति सामने आई है। गांव स्थित हनुमान मंदिर के समीप एनएच-2सी सड़क पर पिछले लगभग तीन महीनों से नल-जल योजना का पानी लगातार बह रहा है। इससे सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है और आसपास के घरों में भी पानी घुसने लगा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की सूचना कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक न तो पीएचईडी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और न ही किसी मिस्त्री द्वारा पाइप लाइन की मरम्मत कराई गई है। लोगों का आरोप है कि विभाग की ओर से केवल आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। दूसरी ओर जिन घरों तक नल-जल योजना का लाभ पहुंचना चाहिए, वहां पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। सड़क पर लगातार बहते पानी के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह स्थिति और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इसी मार्ग से कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि आते-जाते रहते हैं, लेकिन किसी ने भी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजनाओं के प्रति इस तरह की लापरवाही जनता के हितों के साथ खिलवाड़ है।
गांव के लोगों ने जिला प्रशासन एवं पीएचईडी विभाग से अविलंब कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पाइप लाइन की मरम्मत कर जलजमाव की समस्या दूर की जाए तथा इस मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। 
ग्रामीणों की मांग है कि नल-जल योजना के तहत हो रही पानी की बर्बादी को तत्काल रोका जाए और लोगों को योजना का समुचित लाभ उपलब्ध कराया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...