खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत तियरा खुर्द पंचायत के ग्राम नावाडीह खुर्द में मुख्य सड़क पर नाली का गंदा पानी बहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क नौहट्टा–यदुनाथपुर मुख्य मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां दिनभर छोटी-बड़ी गाड़ियों का आवागमन बना रहता है। लगातार सड़क पर बह रहे नाली के पानी के कारण जलजमाव और फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार नाली की समुचित निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण कई महीनों से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। सड़क से होकर बाइक, साइकिल, ऑटो, चारपहिया वाहन, स्कूली बच्चे तथा पैदल यात्री गुजरते हैं। सड़क पर फैले गंदे पानी के कारण राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति खतरनाक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात का मौसम निकट है और यदि जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो समस्या और विकराल रूप ले सकती है। बारिश के दौरान पानी का बहाव बढ़ जाने से सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है, जिससे सड़क की पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है। इससे दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों को आवेदन और मौखिक शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी, रोहतास से मांग की है कि नावाडीह खुर्द में नाली की मरम्मत कराई जाए तथा पानी निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मुख्य सड़क को सुरक्षित बनाया जा सके और आम लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाएगी तथा कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर समस्या के स्थायी समाधान की अपील की है।

Post a Comment