जिओ-बीएसएनएल दोनों बेअसर, तियरा खुर्द में मोबाइल नेटवर्क बना बड़ी समस्याl
खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
निलेश कुमार चौबे/नौहट्टा/रोहतास:
एक ओर केंद्र और राज्य सरकारें डिजिटल इंडिया, ऑनलाइन शिक्षा और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने का दावा कर रही हैं, वहीं रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत तियरा खुर्द पंचायत के ग्रामीण आज भी बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पंचायत में नाम मात्र के लिए जिओ और बीएसएनएल की सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन दोनों ही कंपनियों का नेटवर्क लोगों की जरूरतों पर खरा नहीं उतर पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिओ नेटवर्क से किसी तरह कॉल तो हो जाती है, लेकिन इंटरनेट सेवा बेहद खराब है। स्थिति यह है कि युवाओं और छात्रों को इंटरनेट चलाने के लिए स्कूल की छत, ऊंचे स्थानों या सोन नदी के किनारे तक जाना पड़ता है। कई बार ऑनलाइन पढ़ाई, सरकारी आवेदन, बैंकिंग कार्य और अन्य जरूरी डिजिटल सेवाएं नेटवर्क की समस्या के कारण प्रभावित हो जाती हैं।
स्थानीय युवाओं ने बताया कि आज के डिजिटल युग में भी इंटरनेट के लिए भटकना पड़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। पंचायत के कई गांवों में मोबाइल डेटा की स्पीड इतनी धीमी है कि सामान्य वेबसाइट या मोबाइल ऐप तक ठीक से नहीं खुल पाते।
वहीं बीएसएनएल की स्थिति और भी खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार बीएसएनएल नेटवर्क पर न तो ठीक से बात हो पाती है और न ही इंटरनेट सेवा चलती है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि बीएसएनएल की सेवाएं लगभग निष्क्रिय हो चुकी हैं, जिससे उपभोक्ताओं को मजबूरी में दूसरे नेटवर्क का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिओ कंपनी द्वारा नेटवर्क सुधार की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। हालांकि रिचार्ज समाप्त होने पर कंपनी की ओर से लगातार रिचार्ज कराने के लिए कॉल किए जाते हैं और रिचार्ज नहीं कराने पर सिम बंद होने की चेतावनी भी दी जाती है, लेकिन नेटवर्क की समस्या के समाधान पर ध्यान नहीं दिया जाता।
पंचायत के लोगों का मानना है कि यदि जिओ कंपनी अपने नेटवर्क की क्षमता बढ़ाए या अतिरिक्त टावर स्थापित करे, तो तियरा खुर्द पंचायत की अधिकांश नेटवर्क समस्या का समाधान हो सकता है। ग्रामीणों ने संबंधित दूरसंचार कंपनियों और प्रशासन से जल्द पहल कर बेहतर मोबाइल एवं इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब देश डिजिटल क्रांति की ओर बढ़ रहा है, तब तियरा खुर्द पंचायत जैसे क्षेत्रों में नेटवर्क की बदहाली विकास के दावों पर सवाल खड़े करती है। लोगों को उम्मीद है कि उनकी समस्या पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा और जल्द ही उन्हें बेहतर संचार सुविधा मिल सकेगी।

Post a Comment