⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- पड़रिया वार्ड-4 में जर्जर सड़क पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांगl

खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाज :

संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:

ग्राम पंचायत तिउरा के अंतर्गत पड़रिया वार्ड संख्या-4 में अगस्त मुनि मिश्रा के घर से लेकर ज्ञानचंद मिश्रा के घर तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। बरसात शुरू होते ही सड़क पर जलजमाव होने लगा है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग पर वर्षों पूर्व पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण के बाद से इसकी नियमित देखरेख और मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। जगह-जगह गड्ढे बन जाने से बारिश का पानी जमा हो जाता है और सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। इससे राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरे रहने के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को इस मार्ग से गुजरने में परेशानी होती है। रात के समय या बारिश के दौरान सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे फिसलकर गिरने अथवा अन्य दुर्घटनाएं होने का खतरा बढ़ जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क गांव के कई परिवारों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से लोग बाजार, विद्यालय, अस्पताल तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। सड़क जर्जर होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वर्षा का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और नालियों की सफाई नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकती है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए अविलंब कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था होने से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि संभावित दुर्घटनाओं पर भी रोक लग सकेगी।

क्या कहते हैं ग्रामीण

अगस्त मुनि मिश्रा ने कहा कि सड़क टूट जाने और जलजमाव के कारण लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

ज्ञानचंद मिश्रा ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी होती है।

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का सर्वेक्षण कर शीघ्र मरम्मत कराई जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
 

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...