⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- जन कल्याण शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 252 लाभुकों ने कराया पंजीकरण; मौके पर हुआ कई आवेदनों का निष्पादनl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास: 


प्रखंड क्षेत्र के बीआरसी परिसर में बुधवार को आयोजित प्रखंड स्तरीय सहयोग सह जन कल्याण शिविर में पहले ही दिन ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा किए। शिविर में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने सरकारी योजनाओं के प्रति बढ़ती जागरूकता को भी दर्शाया।

शिविर में आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजना सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने लाभुकों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया। इससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना को लेकर लोगों में सबसे अधिक उत्साह देखने को मिला। इस योजना के तहत कुल 150 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निष्पादन किया गया। वहीं दिव्यांगजनों के लिए लगाए गए विशेष शिविर में 52 लोगों ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया। जिला से आए चिकित्सकों की टीम तथा डॉ. पी.के. सिंह ने सभी आवेदकों की स्वास्थ्य जांच कर उनकी दिव्यांगता का आकलन किया और प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया शुरू की।

प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोरमा कुमारी ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पहले दिन कुल 252 लाभुकों का पंजीकरण किया गया, जो लोगों की बढ़ती जागरूकता और सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास का प्रमाण है।

बीडीओ ने बताया कि जिन दिव्यांगजनों का अब तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है, उनके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मेडिकल टीम द्वारा जांच के बाद प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया जारी है, ताकि पात्र लाभुकों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने लोगों से गुरुवार को भी शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। प्रशासन की ओर से शिविर के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...