⚡ ब्रेकिंग News

सासाराम- 2 जून को रोहतास की ग्राम पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर, डीएम उदिता सिंह ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए अहम निर्देशl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 

अनिल कुमार/सासाराम/रोहतास:

रोहतास जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आगामी 2 जून 2026 को आयोजित होने वाले "सहयोग शिविर" की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी उदिता सिंह ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बीपीआरओ सहित विभिन्न विभागों के प्रखंड एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सहयोग शिविर के सफल आयोजन को लेकर जारी सभी दिशा-निर्देशों एवं आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना, सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाओं को आमजन तक सरल और सुलभ तरीके से पहुंचाना है।

डीएम ने कहा कि शिविर को पूरी तरह जनोन्मुखी एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ करना होगा। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, थानाध्यक्षों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में विशेष रूप से जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन शिकायतों, भूमि विवाद, भूमि की नापी, प्राथमिकी से जुड़े मामलों, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, विभिन्न अनुदान योजनाओं एवं अन्य लोकहितकारी सेवाओं के त्वरित निष्पादन पर बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविर आम नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं प्राप्त होंगी। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय और बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें ताकि शिविर का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सहयोग शिविर आयोजित होने से पूर्व प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का यथासंभव निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि जनहित से जुड़े मामलों में तत्परता और जवाबदेही सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ शिविर में भाग लें और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन को उम्मीद है कि 2 जून को आयोजित होने वाला सहयोग शिविर आम जनता और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के साथ-साथ विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...