खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
[बाहर से काम कर लौटने के बाद हुआ हादसा, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम]
चुटिया थाना क्षेत्र के मधुकुपीया गांव में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 16 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान तिअरा खूर्द गांव निवासी महेंद्र पासवान के 16 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक शुक्रवार को बाहर से काम कर अपने घर लौटा था। इसके बाद वह बाइक से मधुकुपीया की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सड़क किनारे लगे एक खूंटे से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शव को वापस घर लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
इधर, घटना की सूचना चुटिया थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी कर रही है। युवक की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Post a Comment