⚡ ब्रेकिंग News

लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: 15 की दर्दनाक मौत, CM योगी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, अखिलेश यादव ने जताई संवेदनाl


खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

विशेष रिपोर्ट/लखनऊ/उत्तर प्रदेश:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब 2:15 बजे एक तीन मंजिला इमारत में हुआ, जहां कोचिंग सेंटर, पेट शॉप क्लीनिक और 3D आर्ट स्टूडियो संचालित हो रहे थे। मृतकों में 3 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। अधिकांश मृतक कोचिंग में पढ़ने वाले छात्र बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और राहत-बचाव अभियान चलाया।

CM योगी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उनके साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद थे और अस्पताल में भर्ती घायलों के इलाज की लगातार निगरानी कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने जताया दुख

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने से जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि और शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना।

उन्होंने सरकार से घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि इस हादसे के कारणों की निष्पक्ष और ईमानदार जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

छात्र की आखिरी फोन कॉल ने झकझोर दिया

हादसे के दौरान एक छात्र ने अपने पिता को फोन कर मदद की गुहार लगाई। परिजनों के अनुसार छात्र रोते हुए बोला—

"पापा... बिल्डिंग में आग लग गई है। मुझे बचा लीजिए। अब मैं शायद नहीं बच पाऊंगा। हमने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया है, लेकिन यहां भी धुआं भर गया है और सांस लेने में दिक्कत हो रही है।"

इसके कुछ ही क्षण बाद फोन कट गया। इस घटना ने हर किसी को भावुक कर दिया।

KGMU ने 15 मौतों की पुष्टि की

KGMU ट्रॉमा सेंटर की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अमिया अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में कुल 21–22 लोगों को लाया गया, जिनमें 15 को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि 5 घायल मरीजों का इलाज जारी है।

उन्होंने बताया कि बिल्डिंग से कूदने वाले दो छात्रों की पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। उनका CT स्कैन कराया गया है और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं।

आग कैसे फैली?

स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे पहले आग हेड हॉपर 3D आर्ट स्टूडियो में लगी और देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई। आग ऊपर स्थित कोचिंग सेंटर तक पहुंच गई, जहां कई छात्र फंस गए।

कुछ छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर जान बचाने की कोशिश की, जबकि कई छात्र जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से नीचे कूद गए।

चश्मदीदों ने बताई शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने से ठीक पहले इमारत के बाहर लगे बिजली के खंभे पर जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियों ने नीचे रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में आग पूरी तीन मंजिला इमारत में फैल गई।

हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

जांच के आदेश, राहत कार्य जारी

प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फायर विभाग, पुलिस और अन्य एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। सरकार ने घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों और आपातकालीन निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...