⚡ ब्रेकिंग News

मोकामा में पुलिस की बेइज्जती का वीडियो वायरल: कुख्यात सोनू-मोनू के गुर्गों ने SHO समेत जवानों की ली तलाशी, फिर घर में दी एंट्रीl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 

मोकामा/ बिहार:

मोकामा में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी खुद अपराधियों के गुर्गों के सामने कतार में खड़े होकर तलाशी देते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कुख्यात सोनू-मोनू गैंग के घर का है, जहां पुलिस टीम छापेमारी और गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक प्रशासन की ओर से नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार, पचमहला और हाथीदह थाना की पुलिस टीम कुख्यात अपराधी सोनू और मोनू की गिरफ्तारी के लिए उनके घर पहुंची थी। लेकिन घर के बाहर मौजूद गैंग के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों को ही रोक लिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हाथीदह थाना के SHO समेत करीब पांच पुलिसकर्मियों को लाइन में खड़ा कर उनकी तलाशी ली गई। गुर्गों ने पुलिसवालों की जेब, कमर और शरीर की जांच की, जिसके बाद उन्हें घर के अंदर जाने दिया गया।

बताया जा रहा है कि पूरा मामला मोकामा बेल्ट में चल रही पुरानी गैंगवार और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा है। विवाद की शुरुआत नौरंगा जलालपुर पंचायत के सरपंच पति मुकेश सिंह और मुखिया पति प्रमोद सिंह के बीच हुई थी। मुकेश सिंह को बाहुबली नेता अनंत सिंह का करीबी समर्थक बताया जाता है।

सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले पचमहला पुलिस सादे लिबास में प्रमोद सिंह को गिरफ्तार करने पहुंची थी। लेकिन प्रमोद सिंह की गिरफ्तारी पर अदालत से स्टे ऑर्डर होने के कारण उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर पुलिस कार्रवाई की प्रशंसा को लेकर मुकेश सिंह और प्रमोद सिंह के बीच विवाद बढ़ गया।

शनिवार शाम यह विवाद इतना बढ़ गया कि प्रमोद सिंह के बेटे सोनू और मोनू ने कथित तौर पर मुकेश सिंह पर कई राउंड हवाई फायरिंग कर दी। इसी गोलीबारी मामले में पुलिस टीम दबिश देने पहुंची थी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी पिछले रास्ते से फरार हो गए।

वीडियो वायरल होने के बाद बिहार पुलिस की कार्यशैली और अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि आखिर अपराधियों के सामने पुलिस को इस तरह तलाशी देने की नौबत क्यों आई। मामले को लेकर अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...