खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
शंकर कुमार गौंड/सासाराम/रोहतास:
रोहतास जिले में बुधवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी हादसे तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक के कारण होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना बिक्रमगंज थाना क्षेत्र की है। आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर शिवपुर और मोहनी गांव के बीच सड़क किनारे खड़े एक खाली ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में तेंदुनी निवासी बबन प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि वे पीरो से तगादा कर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
दूसरी घटना चेनारी थाना क्षेत्र में हुई। शिवसागर-चेनारी मुख्य मार्ग पर डुमरी मोड़ के पास नई बाइक की पूजा कर लौट रहे सोनहर गांव निवासी 25 वर्षीय प्रभाकर पांडेय उर्फ टुनटुन पांडेय की सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज वाराणसी के अस्पताल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से बाइक सड़क किनारे झुके पेड़ से जा टकराई।
तीसरी घटना दरिगांव थाना क्षेत्र के कोटा गांव के समीप एनएच पर हुई। यहां औरंगाबाद निवासी स्वर्ण व्यवसायी जितेंद्र कुमार अपने भांजे देव सोनी के साथ बनारस से आभूषण खरीदकर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जितेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि झारखंड के गढ़वा निवासी देव सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सदर अस्पताल सासाराम पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जितेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं देव सोनी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर किया गया।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से जिले में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानी और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

Post a Comment