खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
नई दिल्ली:
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से 11 से 14 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी अगले तीन दिनों तक मौसम बदला रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भी तेज बारिश, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। IMD ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Post a Comment