रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
रोहतास जिले में रविवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना नागाटोली और ऐतिहासिक किला के बीच स्थित खुदखुदवा नदी किनारे की बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और मौके पर हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान नगर पंचायत वार्ड संख्या-4 निवासी 45 वर्षीय बबलू सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार बबलू सिंह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले भी दो बार आत्महत्या करने की कोशिश की थी। इसी आधार पर पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वहीं दूसरी ओर, ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थिति में शव मिला, उससे मामला संदिग्ध लग रहा है। लोगों ने बताया कि मृतक का पैर जमीन को छू रहा था और शव पेड़ के पास घुटने के बल झुकी अवस्था में था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति फांसी लगाता है तो ऐसी स्थिति सामान्य नहीं होती।
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।

Post a Comment