खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान एक युवती के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। युवती की मां द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पीड़ित परिवार में बड़ी बेटी का विवाह समारोह आयोजित था। घर में बारात आने और शादी की तैयारियों के चलते परिवार के सभी सदस्य समारोह की व्यवस्थाओं में व्यस्त थे। इसी बीच आरोप है कि तिलौथू थाना क्षेत्र के बसडीहा गांव निवासी नीतीश कुमार ने छोटी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा लिया।
युवती की मां का आरोप है कि आरोपी पहले से उनकी बेटी के संपर्क में था और उसने विवाह का आश्वासन देकर उसे अपने साथ ले जाने की योजना बनाई। शादी समारोह की व्यस्तता का फायदा उठाकर आरोपी युवती को लेकर फरार हो गया। जब काफी देर तक युवती घर में नहीं दिखी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। बाद में जानकारी मिलने पर परिजनों ने नौहट्टा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और युवती की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष दीवाकर कुमार ने बताया कि युवती की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment