खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
शंकर कुमार गौंड/चेनारी/रोहतास:
रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड के सेमरी गांव निवासी शहीद जवान दिलीप कुमार पासवान के आश्रितों को बिहार सरकार की ओर से 21 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। यह राशि राज्य सरकार द्वारा शहीद जवान के परिवार के प्रति सम्मान, संवेदना और सहयोग के रूप में दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सिपाही/जीडी दिलीप कुमार पासवान आरक्षी केंद्र की 196 बलवाहिनी में पदस्थापित थे। 23 अप्रैल 2025 को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के महादेव घाटी क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए नई दिल्ली स्थित एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
बिहार सरकार के सैनिक कल्याण निदेशालय के निर्देश पर शहीद जवान के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान देने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस संबंध में अंचल अधिकारी चेनारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता सासाराम तथा अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम द्वारा आवश्यक जांच और अनुशंसा की गई, जिसके बाद सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की गई।
शहीद जवान के माता-पिता की सहमति के बाद वरीय उप समाहर्ता ओम प्रकाश लाल और अंचल पदाधिकारी ने उनकी पत्नी अनीता देवी को 21 लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने बिहार सरकार की इस पहल को शहीद परिवार के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक बताया। लोगों ने कहा कि जवान दिलीप कुमार पासवान ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

Post a Comment