खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
शंकर कुमार गौंड/सासाराम/रोहतास:
सासाराम शेरशाह सूरी मकबरे के समीप रौजा रोड स्थित पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय चौखंडी पथ, सासाराम में गुरुवार को ‘बाल कैबिनेट’ (छात्र संसद) एवं ‘इको क्लब’ के नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। हाल ही में संपन्न लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया के बाद विजयी छात्र-छात्राओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री उमेश कुमार सिंह ने की। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को विद्यालय के विकास, अनुशासन और छात्र हितों की रक्षा के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई। इस दौरान कक्षा 9 के छात्र आर्यन मौर्या ने प्रधानमंत्री पद तथा प्रियांशु कुमार ने उप-प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।
समारोह में शिक्षा मंत्री के रूप में साक्षी कुमारी और उप-शिक्षा मंत्री के रूप में नेहा कुमारी ने कार्यभार संभाला। वहीं खेल एवं संस्कृति मंत्री अनीश कुमार तथा उप-खेल मंत्री माही कुमारी ने भी पद की शपथ ली। स्वास्थ्य मंत्री तनवीर कुमारी, सफाई एवं स्वच्छता मंत्री आकास कुमार, निर्विरोध चुनी गई जल मंत्री शिवानी कुमारी तथा उप-स्वास्थ्य मंत्री प्रतिज्ञा कुमारी को भी विधिवत शपथ दिलाकर जिम्मेदारी सौंपी गई।
पूरे समारोह को अनुशासित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने में एनसीसी पदाधिकारी फर्स्ट ऑफिसर चंदन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक हिमांशु त्रिपाठी, राम स्वरुप सिंह, धनजी सिंह, सुमित कुमारी, नीरज कुमारी, राजेश्वर प्रसाद, विमलेश कुमार, मनीष कुमार सिन्हा, सिंधु कुमारी, नेहा कुमारी, गुलाब यादव एवं अरविंद कुमार जायसवाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
प्रधानाचार्य उमेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बाल कैबिनेट केवल एक औपचारिक व्यवस्था नहीं, बल्कि छात्रों के भीतर नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि चुनाव से लेकर शपथ ग्रहण तक की पूरी प्रक्रिया छात्रों को लोकतंत्र की बारीकियों को समझने और एक जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती है।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से बार-बार मुखरित होता रहा। नवनिर्वाचित मंत्रियों और छात्र प्रतिनिधियों के चेहरों पर उत्साह, गर्व और जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट रूप से देखा गया। समारोह के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के विकास और अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Post a Comment