शंकर कुमार गौंड/सासाराम/रोहतास:
05 मई 2026:
बिहार सरकार के निर्देशानुसार रोहतास जिले में आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के उद्देश्य से “पंचायतवार सहयोग शिविर” का आयोजन शुरू किया जा रहा है। यह शिविर 19 मई 2026 (मई के तृतीय मंगलवार) से प्रारंभ होंगे और प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में मंगलवार को जिला पदाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिविरों के सफल संचालन हेतु तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं—जैसे बैठने की सुविधा, पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं—समुचित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर शिविर के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन करने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि शिविर से कम-से-कम 30 दिन पूर्व आवेदन प्राप्त किए जाएं और उनका प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन कर लंबित एवं निष्पादित मामलों की सूची शिविर स्थल पर प्रदर्शित की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। राजस्व से जुड़े मामलों के समयबद्ध निपटारे पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिविर में आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। अन्य विभागों से संबंधित मामलों में आवेदकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
इन पंचायतों में लगेगा शिविर (19 मई 2026):
मुड़ियार (नोखा), चनकी (नोखा), समहुता (रोहतास), जयश्री (काराकाट), चांदी इंग्लिश (संझौली/राजपुर), अमौना (नासरीगंज), नौहट्टा, चन्दनपुरा (तिलौथू), मानपुर (बिक्रमगंज), करूप (सासाराम), लिलवक्ष (दिनारा), विसैनीकला (अकोढ़ीगोला), गिघा (दावथ/सूर्यपुरा), करगहर, उगहनी (चेनारी), लहेरी (कोचस), पतपुरा (डेहरी) एवं आलमपुर (शिवसागर) पंचायत भवनों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी समस्याओं व सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखकर इस पहल को सफल बनाएं।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment