खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा प्रखंड के अंतर्गत चुटिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102 लीटर शराब के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार देर रात नावाडीह खूर्द गांव के समीप नौहट्टा-यदुनाथपुर मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।
गिरफ्तार कारोबारियों की पहचान तिलोखर गांव निवासी रामू कुमार और सौरव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों एक अल्टो कार में उत्तर प्रदेश निर्मित शराब लेकर क्षेत्र में बिक्री करने के उद्देश्य से आ रहे थे।
बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की एक बड़ी खेप वाहन के जरिए इलाके में लाई जा रही है। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई और नावाडीह खूर्द के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध अल्टो कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 102 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी थानाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार ने बताया कि बरामद शराब और प्रयुक्त अल्टो कार को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Post a Comment