खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाज
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र के तिलोखर पंचायत की मुखिया सबिता देवी ने गुरुवार को डाक अधीक्षक को पत्र लिखकर परछा स्थित डाक सखा को तियरा खुर्द में हस्तांतरित नहीं करने का आग्रह किया है। मुखिया ने अपने पत्र में बताया कि पंचायती राज विभाग के पत्रांक 8556 के तहत डाक सखा को परछा से तियरा खुर्द पंचायत भवन में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि परछा में यह डाक सखा वर्ष 1972 से संचालित हो रहा है, जहां एफडी, आरडी सहित अन्य खातों की सुविधा उपलब्ध है। परछा से तियरा खुर्द की दूरी लगभग सात किलोमीटर है और तिलोखर पंचायत की आबादी 10 हजार से अधिक है। पंचायत के करीब 80 प्रतिशत लोगों के खाते डाकघर में हैं। ऐसे में स्थानांतरण होने पर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
मुखिया ने यह भी कहा कि डाक सखा को परछा में ही बनाए रखने के लिए सामुदायिक भवन उपलब्ध कराया जा रहा है, इसलिए निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए।
वहीं, एमएलसी प्रतिनिधि भानु प्रताप मिश्रा, भाजपा अध्यक्ष गुड्डू सिंह और समाजसेवी राकेश चौबे ने भी इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि तिलोखर पंचायत में पंचायत सरकार भवन तथा परछा में सामुदायिक भवन मौजूद है, इसलिए डाक सखा को इसी पंचायत में स्थानांतरित किया जाना चाहिए। दूसरे पंचायत में शिफ्ट होने से सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों और छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कत होगी।
इस संबंध में मुखिया सबिता देवी ने स्थानीय विधायक मुरारी प्रसाद गौतम को भी फोन कर जानकारी दी है और समस्या के समाधान की मांग की है।

Post a Comment