खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाज
रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:-
नौहट्टा थाना क्षेत्र के टीपा गांव के पश्चिम बधार में शनिवार को अचानक आग लगने से कई किसानों की फसल जलकर नष्ट हो गई। खेत के किनारे रखा पुआल भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह राख हो गया।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि कुछ ग्रामीणों का कहना है कि बिजली तार में हुए स्पार्क के कारण आग लगी होगी। शनिवार शाम खेतों में आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलने पर दमकल की टीम भी पहुंची, लेकिन आग के पास पहुंचते ही दमकल वाहन में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। इसके बाद दूसरी दमकल गाड़ी को बुलाया गया।
इस आगलगी में राजेन्द्र सिंह, जमुना ठाकुर, सुनील सिंह और सोनू सिंह सहित कई किसानों की करीब एक-एक बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
वहीं स्थानीय युवक ऋतु पासवान, अरविंद पासवान, अविनाश कुमार, रंजय पासवान और जीतू पासवान समेत दर्जनों युवाओं ने जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई।
अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है और आवेदन मिलने के बाद जांच कर मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

إرسال تعليق