Tahalka Aawaz आपकी आवाज
रवि प्रकाश दुबे/कैमूर (भभुआ):-
कैमूर जिले में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (ADEO) प्रतियोगिता परीक्षा 2026 के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह परीक्षा बिहार लोक सेवा आयोग, पटना द्वारा विज्ञापन संख्या-87/2025 के अंतर्गत 14 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक तीन चरणों में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को कदाचारमुक्त, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 10 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक, कैमूर की संयुक्त अध्यक्षता में अधिकारियों की ब्रीफिंग की गई।
जिले में कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें भभुआ में 14 और मोहनियां में 6 केंद्र शामिल हैं। इस परीक्षा में कुल 7,704 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा वस्तुनिष्ठ (Objective) प्रकार की होगी और तीन चरणों में आयोजित की जाएगी—
▪ प्रथम चरण: 14 एवं 15 अप्रैल
▪ द्वितीय चरण: 17 एवं 18 अप्रैल
▪ तृतीय चरण: 20 एवं 21 अप्रैल
प्रत्येक दिन परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी।
अभ्यर्थियों को प्रथम पाली के लिए सुबह 8:00 से 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:00 से 1:30 बजे तक रिपोर्ट करना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पूर्व ही प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
परीक्षार्थियों को ई-एडमिट कार्ड के साथ उसकी एक अतिरिक्त हस्ताक्षरित प्रति तथा आधार कार्ड या अन्य वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।
परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थियों को 5 वर्षों के लिए आयोग की परीक्षाओं से वंचित किया जा सकता है।
परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं और लाइव CCTV के माध्यम से जिला एवं आयोग मुख्यालय से नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन और फेसियल रिकॉग्निशन भी अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कदाचार या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी, कैमूर ने सभी संबंधित अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

إرسال تعليق